किसान स्कूल से होगा किसानों को लाभ,उत्पादन के साथ किसानों की बढ़ेगी आमदनी: डॉ चरणदास महंत

विधानसभा अध्यक्ष डॉ महंत ने किया किसान स्कूल का लोकार्पण, किसानों के प्रयास की जमकर की सराहना

जांजगीर-चाम्पा ग्राम बहेराडीह में आज किसान स्कूल का लोकार्पण छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत ने किया। इस दौरान डॉ महंत ने स्कूल खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले किसानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक अनूठा और भारत में अपनी तरह का अलग स्कूल है। यहां किसानों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। किसान यहाँ से सीखकर अपने फसल का उत्पादन बढ़ा सकते हैं। अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। आधुनिक तरीके से पशुपालन और जैविक खेती को भी अपना सकते हैं। इससे किसानों के जीवन स्तर में बदलाव आएगा।

किसान स्कूल में किसानों को प्रशिक्षण निशुल्क दिया जायेगा। यहाँ किसानों को कृषि क्षेत्र में खरीफ फ़सल, रबी फसलों के साथ साथ पशुपालन, डेयरी, मुर्गी पालन, मछली पालन, लाख उत्पादन,मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, सब्जी खेती नर्सरी प्रबंधन, कोसा कीटपालन व अन्य विषयों की जानकारी मिलेगी। मुख्य अतिथि डॉ महंत ने इस अवसर पर कहा कि किसान स्कूल का लाभ किसानों को जरूर मिलेगा।

किसानों की समस्या को दूर करने किसानों के सहयोग से स्कूल खोला गया है। इसका लाभ स्थानीय जिले के अलावा अन्य जिले के किसानों को भी मिल पायेगा। उन्होंने सभी क्षेत्र के किसानों को यहाँ लाने की बात कही। यहाँ चौपाल के साथ ही किसानों के कृषि उपकरण व विलुप्त होती चीजों को प्रदर्शनी हेतु सजाया गया। कार्यक्रम संयोजक कृषक श्री दीनदयाल यादव ने किसान स्कूल में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। यहाँ बताया गया कि किसान स्कूल में किसानों को कृषि क्षेत्र में 18 अलग अलग विषयों में जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में थ्योरी और प्रेक्टिकल दोनों तरह की जानकारी मिल पाएगी। उनके टीम में ऐसे मास्टर ट्रेनर है। विधानसभा अध्यक्ष ने गाँव में किसान स्कूल खुलने पर सबकों बधाई देते हुए कहा कि किसानों की जो समस्याएं हैं उन्हें दूर किया जाएगा। कोल्ड स्टोरेज की मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यहाँ 36 प्रकार की भाजी की प्रदर्शनी और अन्य उत्पादों का अवलोकन किया। स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा डॉ. महंत को छत्तीसगढ़ी व्यंजन भेंट की गई। किसानों द्वारा डॉ महंत और अतिथियों को खुमरी पहनाकर सम्मान किया गया।


इस अवसर पर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद जांजगीर अध्यक्ष श्री भगवान दास गढ़ेवाल,जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू,बलौदा जनपद उपाध्यक्ष नम्रता राघवेंद्र नामदेव, श्री दिनेश शर्मा,गुलजार सिंह,सूरज महंत, प्रगतिशील किसान श्री श्यामलाल राठौर, शिवकुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button

Discover more from अम्बे न्यूज़

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading