जांजगीर चाम्पा

जांजगीर चाम्पा-धान खरीदी से संबंधित कार्याें में नही चलेगी लापरवाही, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश,,

कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों के लिए ली समीक्षा बैठक

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में खरीफ वर्ष 2022-23 के लिए व्यवस्थित धान खरीदी कार्य करने के लिए समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें। उन्होंने धान खरीदी से संबंधित कार्याें को पूरी गंभीरता से करने कहा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी के लिए बारदानों की उपलब्धता और आवश्यकता की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिले के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए धान खरीदी केन्द्रो में साफ-सफाई, कम्प्यूटर की व्यवस्था, धान का बारिश से बचाव की व्यवस्था, सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। इसके साथ ही उन्होंने संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों की जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों का फेरबदल करने कहा। उन्होंने उपस्थित सभी तहसीलदारों को अपने क्षेत्रों के धान खरीदी केन्द्रों का जानकारी रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समिति के ऑपरेटरों की भी बैठक लेकर आवश्यक निर्देश देने कहा।

इसके साथ बैठक में विगत वर्ष की अपेक्षा धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों की जानकारी, समिति स्तर पर आवश्यक तैयारी, परिवहनकर्ता से अनुबंध की स्थिति, धान खरीदी के साथ ही कस्टम मिलिंग कराने की तैयारी, धान खरीदी में संभावित संवेदनशील मामले, संवेदनशील खरीदी केन्द्र तथा संवेदनशील स्टाफ की पहचान सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दूओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी कार्याें में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने के लिए शाम 6 बजे के बाद सोसाईटी में धान खरीदी न करने तथा शाम 6 बजे के बाद अवैध धान परिवहन पर विशेष निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए है।

बैठक में सक्ती कलेक्टर सुश्री नुपूर राशि पन्ना, वनमंडलाधिकारी सौरभ सिंह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य सहित खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

जिले में धान खरीदी से संबंधित शिकायतों के लिए कन्ट्रोल रूम होगा स्थापित –

बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए है। कन्ट्रोल रूम की शुरूआत धान खरीदी कार्य के पूर्व किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button

Discover more from Ambey News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading